जबलपुर। नगर निगम सीमा में नागरिकों की सहूलियत के लिए बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी सिलसिले में नगर पालिक निगम के आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अमृत फेज़ 2.0 के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में अपर आयुक्त अशफाक परवेज कुरैशी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक यंत्री राजेश खंपरिया और तकनीकी अधिकारी अंकुर नाग सहित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। निगमायुक्त ने बैठक में साफ किया कि शहर के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स में लेती-लतीफी बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ सभी निर्माण कार्य पूरे करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
सड़कों की समय पर मरम्मत और पेयजल आपूर्ति तंत्र का विस्तार
अमृत योजना के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों के कारण स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निगमायुक्त ने इन प्रभावित रास्तों का रोड री-स्टोरेशन यानी सड़क सुधार कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही शहर के जल वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 2 उच्च स्तरीय पानी की टंकियों के निर्माण कार्य को भी जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया है, जिससे हर घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
तय समय में काम पूरा न होने पर होगी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण की गति और गुणवत्ता दोनों ही मानकों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी निर्माण एजेंसी या ठेकेदार निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं करता है या कार्य में लापरवाही बरतता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और तकनीकी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए मौके पर जाकर नियमित मॉनिटरिंग करने की हिदायत दी है, ताकि धरातल पर हो रहे कार्यों में पारदर्शिता और तेजी बनी रहे।
