जबलपुर। घमापुर क्षेत्र में गैस एजेंसी के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर जमकर उत्पाद मचाया। अनियंत्रित होकर दौड़ रहे इस भारी वाहन ने रास्ते में खड़ी और गुजर रही कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर मारने के बाद डंपर बीच सड़क पर ही पलट गया। इस भीषण हादसे को देखकर घमापुर क्षेत्र के स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए उग्र भीड़ को शांत कराया और डंपर को हटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस इस मामले में कानूनी कदम उठा रही है। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए क्रेन बुलाई गई। पुलिस अधिकारी डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुट गए हैं।



