इंदौर. भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू आज गुरुवार से 22 जून तक मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी। अपने दौरे की शुरुआत में राष्ट्रपति सुबह 9:25 बजे इंदौर पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका स्वागत किया।
इंदौर से राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर के जरिए बैतूल रवाना होंगी, जहां वह ब्रह्माकुमारीज के विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसके बाद दोपहर में वह ओमकारेश्वर ज्योर्तिलिंग पहुंचेंगी। शाम को राष्ट्रपति भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी और संध्या आरती में शामिल होकर श्रद्धालुओं के बीच आध्यात्मिक संदेश देंगी।
राष्ट्रपति का रात्रि विश्राम ओंकारेश्वर स्थित एनएचडीसी गेस्ट हाउस में होगा। अपने पांच दिवसीय मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान वह कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ-साथ कूनो का भी दौरा करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। बता दें कि, अपने दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति खंडवा स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना करेंगी। इसके बाद 22 जून को कूनो नेशनल पार्क में भी भ्रमण करेगी। पांच दिवसीय दौरे के बीच वह पश्चिम बंगाल भी जाएंगी।
यह हैं राष्ट्रपति के कार्यक्रम
18 जून को राष्ट्रपति मुर्मु सुबह लगभग 11:10 बजे बैतूल में ब्रम्हाकुमारीज के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद राष्ट्रपति दोपहर 12:20 बजे बैतूल से ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगी। दोपहर करीब 1:40 बजे वह ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। इसके बाद वह शाम 6:20 बजे ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन कर आरती में शामिल होंगी। वहीं ओंकारेश्वर में ही वह एनएचडीसी गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी।
पश्चिम बंगाल भी जाएंगी राष्ट्रपति
19 जून को राष्ट्रपति मुर्मु सुबह करीब 9:50 बजे अंतर्राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद ओंकारेश्वर से दोपहर 12:15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वह पश्चिम बंगाल के कलाईकुण्ड एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में होंगी शामिल
20 जून को राष्ट्रपति मुर्मु शाम करीब 6:10 बजे एयरफोर्स के विमान से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वह यहां के सर्किट हाउस में ही रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन यानी 21 जून को सुबह करीब 7:20 बजे जबलपुर में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद दोपहर करीब 11:40 बजे जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें कान्क्लेव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद राष्ट्रपति जबलपुर से ग्वालियर जाएंगी। यहां से वे हेलिकॉप्टर द्वारा कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी। दोपहर करीब 3:35 बजे कूनो गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। यही कूनो गेस्ट हाउस में वह रात्रि विश्राम करेंगी। फिर अगले दिवस यानी 22 जून को सुबह करीब 6:30 वे कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी। इसके बाद फिर सुबह 10:20 बजे कूनो नेशनल पार्क से ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। और यहां वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
