परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, नीरज का गांव के अभिषेक कौरव और उसके बहनोई राहुल कौरव से पुराना विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले खेत में मवेशी घुसने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद नीरज को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिवार का दावा है कि नीरज को दो दिन के भीतर जान से मारने की धमकी मिली थी। आवेदन में बताया गया है कि नीरज को समझौते के लिए कामती बुलाया गया था, लेकिन आरोपी वहां नहीं पहुंचे और समझौता करने से इनकार कर दिया। इसके बाद नीरज अपने बहनोई को छोडऩे महाराजपुर गया था। आरोप है कि लौटते समय बीतली और बरमान के बीच हाईवे पर दोनों आरोपियों ने रंजिशवश नीरज को रोका। उन्होंने नीरज के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर छोड़ दिया, ताकि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके। गंभीर रूप से घायल नीरज का उपचार चल रहा था, जिसकी आज शनिवार की सुबह मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस इस घटना को दुर्घटना बताकर मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने साइबर तकनीकी जांच, कॉल डिटेल और धमकी से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच कराने की मांग की है।
नरसिंहपुर। नरसिंहपुर के करेली थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतक नीरज उर्फ मंजू लोधी के पिता हाकम सिंह लोधी ने इसे दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। शनिवार को परिजनों ने एसपी कार्यालय के बाहर एंबुलेंस में शव रखकर प्रदर्शन किया।
Tags
Narsinghpur