भोपाल. राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू मध्यप्रदेश के दौरे पर आ रहीं हैं। उनका दौरा 18 जून से शुरु होगा। इसके साथ ही मुहर्रम का त्योहार भी आ रहा है। राष्ट्रपति के दौरे और मुहर्रम के कारण प्रदेशभर के पुलिसकर्मियों, अधिकारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने अवकाश पर 13 दिन का प्रतिबंध लगाते हुए आदेश जारी कर दिया है।
पुलिसकर्मियों की छुट्टी पर 13 दिन का प्रतिबंध
आदेश के अनुसार इस अवधि में बेहद विशेष स्थितियों में ही वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति से अवकाश दिया जा सकेगा। तबादलों के साथ ही पुलिस मुख्यालय ने अधिकारियों, कर्मचारियों के अवकाश भी प्रतिबंधित कर दिए हैं। प्रदेशभर के पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर 13 दिन का प्रतिबंध लगाया गया है। कानून-व्यवस्था के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
18 जून को राष्ट्रपति का दौरा प्रारंभ हो रहा, फिर 26 जून को मोहर्रम
पुलिसकर्मियों, अधिकारियों के अवकाश पर प्रतिबंध के संबंध में शुक्रवार को पीएचक्यू ने आदेश जारी किए। बता दें कि 18 जून को राष्ट्रपति का 4 दिवसीय दौरा कार्यक्रम प्रारंभ हो रहा है। इसके बाद 26 जून को मोहर्रम का पर्व है। इस दौरान कानून व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस विभाग में अवकाश पर प्रतिबंध लगाया है। यह पाबंदी 15 से लेकर 27 जून तक लागू रहेगी।
