जबलपुर। शहर में भीषण गर्मी के मौसम के दौरान नागरिकों को पर्याप्त और नियमित पानी उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी सिलसिले में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने जल विभाग के आला अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने जल वितरण व्यवस्था को सुचारू और मजबूत बनाए रखने के लिए अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव सहित सहायक यंत्री राजेश खम्परिया, संदीप जायसवाल, गुलाब इनवाती, मनोज पटैल, अंकुर नाग और अनुराग पाठक को जिम्मेदारी सौंपी। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह के समय विभिन्न वार्डों का अनिवार्य रूप से भ्रमण करेंगे ताकि जमीनी स्तर पर जलापूर्ति की वास्तविक स्थिति का पता चल सके और पानी के संकट को तुरंत दूर किया जा सके।
सुबह के भ्रमण से सुधरेगी वार्डों की जल वितरण व्यवस्था
निगम प्रशासन ने साफ किया है कि जिन इलाकों में अब तक पानी की पाइपलाइन नहीं बिछाई जा सकी है या जो क्षेत्र ऊंचाई और पहाड़ियों पर स्थित हैं, वहां पानी के टैंकरों के माध्यम से पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही पानी की बर्बादी रोकने के लिए पाइपलाइनों के लीकेज को तुरंत ठीक कराने और नागरिकों की पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए नियमित रूप से जल चौपाल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
