दमोह. एमपी के दमोह में शनिवार की देर रात पैसों के लेनदेन विवाद बुजुर्ग माखन उर्फ हल्के भाई (70) की सीने में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत रामपुर गांव में रात करीब 11 बजे हुई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना टीआई अमित गौतम और नरसिंहगढ़ चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव को जिला अस्पताल भिजवाया। आज रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के भतीजे रामेश्वर पटेल ने बताया कि गांव के राकेश उर्फ पूरा ठाकुर ने अपने साले सचिन ठाकुर और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके बड़े पिताजी की हत्या की है। रामेश्वर के अनुसार, उनके बड़े पिता के बेटे हरिदास को आरोपी पूरा ठाकुर से कुछ पैसे लेने थे, इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी पूरी योजना के साथ शनिवार को हरिदास की हत्या करने के इरादे से चाकू और अन्य हथियार लेकर आए थे। जब हरिदास के पिता माखन पटेल बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने उनके सीने में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल माखन पटेल मौके पर ही गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
परिवार के अन्य सदस्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल नरसिंहगढ़ पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। जानकारी देते हुए सीएसपी एचआर पांडे ने बताया की रामपुर गांव में माखन पटेल की चाकू मार कर हत्या हुई है। आरोपी पूरा ठाकुर ने अपने साले सचिन के साथ मिलकर हत्या कांड को अंजाम दिया है। प्रथम दृष्टया पैसों के लेनदेन को पैसों के लेनदेन को लेकर यह हत्या कांड हुआ है।
