कानून व्यवस्था दुरुस्त करने को तैयार नई ट्रांसफर लिस्ट,कभी भी हो सकती है रिलीज
जबलपुर। जबलपुर जिला पुलिस, ईओडब्ल्यू, लोकायुक्त, सीआईडी और एसएएफ में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक स्तर के राजपत्रित अधिकारियों की तबादला सूची सोमवार या मंगलवार को पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी होने की संभावना है। जिला मुख्यालय से भोपाल पुलिस मुख्यालय तक ट्रांसफर की कवायद तेज हो गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिले में पदस्थ करीब 9 उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों का दूसरे जिले या जोन में ट्रांसफर होना लगभग तय है। हाल ही में जारी हुई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रैंक की तबादला सूची में शामिल आईपीएस अनु बेनीवाल, आईपीएस आयुष जाखड़, एएसपी अखिलेश तिवारी और एएसपी मुकेश कुमार वैश्य जल्द ही जबलपुर में अपनी आमद दर्ज कराएंगे। इनमें अखिलेश तिवारी को पुलिस मुख्यालय से ट्रैफिक एएसपी बनाकर भेजा गया है। यह चारों पुलिस अधिकारी सोमवार या मंगलवार तक जबलपुर पहुंच जाएंगे।
महकमे में ट्रांसफर को लेकर बढ़ी सरगर्मी
समय अवधि पूरी करने के साथ ही रूटीन ट्रांसफर के तहत पूर्व में दूसरे जिलों से आए कुछ अधिकारी वापस लौटेंगे, जबकि जबलपुर जिले से गए अनेक अधिकारियों की दोबारा यहां वापसी होने की चर्चाएं चल रही हैं। कार्यकाल पूरा कर चुके अधिकारियों के अलावा विधायक और मंत्रियों की सहमति से होने वाले तबादलों की सूची पुलिस मुख्यालय में तैयार हो चुकी है। फेरबदल की इस सुगबुगाहट के बीच डीएसपी रैंक के कुछ अफसर मनचाही पोस्टिंग पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इन तबादलों का सीधा असर जिला पुलिस बल के अलावा एसएएफ, जीआरपी, अजाक, लोकायुक्त संगठन, ईओडब्ल्यू, एसबी, डीएसबी और सीआईडी जैसी अन्य महत्वपूर्ण विंगों पर भी बड़े पैमाने पर पड़ेगा।
अनुभाग और संभाग स्तर पर नई पदस्थापना
पुलिस गलियारों में इस बात की भी जोरदार चर्चा है कि डीएसपी स्तर के कुछ अधिकारियों की नई पदस्थापना अनुभाग और संभाग के नाम के साथ सीधे पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी की जाएगी। इससे कानून व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक कामकाज में कसावट लाने में मदद मिलेगी। लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों को हटाकर नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपने की रणनीति बनाई गई है। इस बदलाव से पुलिस की कार्यप्रणाली में तेजी आने की उम्मीद है।
एक सप्ताह में निरीक्षकों की बड़ी सूची संभव
गृह विभाग से जुड़ी सभी इकाइयों में तैनात निरीक्षक और उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के थोकबंद तबादले भी 1 सप्ताह के भीतर होने की उम्मीद है। पुलिस मुख्यालय में निरीक्षक और कार्यवाहक निरीक्षकों के ट्रांसफर की लिस्ट पूरी तरह फाइनल हो चुकी है। जानकारी के अनुसार 15 जून से पहले निरीक्षकों की एक बड़ी सूची जारी कर दी जाएगी। इस बड़े फेरबदल से थानों और फील्ड स्तर पर व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
आठ दिन में आमद दर्ज कराना अनिवार्य
सूची जारी होने के बाद स्थानांतरित थानों और जिलों के निरीक्षकों को हर हाल में 8 दिन के भीतर नए जिले में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसके बाद संबंधित जिला मुख्यालय द्वारा उन्हें स्थानीय थानों में जिम्मेदारी सौंपकर पोस्टिंग दी जाएगी। नए एएसपी अधिकारियों की आमद से लेकर फील्ड स्तर के कर्मचारियों की रवानगी तक की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है ताकि कानून व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
