जबलपुर। मझौली में रविवार 7 जून को प्रातः 10 बजे आयोजित गौंड समाज के जनजातीय सम्मेलन को प्रदेश सरकार के जनजातीय मंत्री कुंवर विजय शाह मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करेंगे, जिसकी अध्यक्षता पाटन विधायक अजय विश्नोई द्वारा की जाएगी, जबकि कार्यक्रम के विशेष अतिथि के रूप में सिहोरा विधानसभा के विधायक संतोष बरकड़े, मझौली जनपद अध्यक्ष श्रीमती विद्या दिनेश चौरसिया एवं मझौली नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती शिप्रा राजेन्द्र चौरसिया जी मंच पर उपस्थित रहेंगे। इसी मंच से मझौली विकासखंड से भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित हुए क्षेत्र के 11 वीर नौजवानों का विशेष रूप से सम्मान किया जाएगा, जो संपूर्ण अंचल के लिए एक गौरवशाली और ऐतिहासिक क्षण है।
लोक आस्था के प्रतीक बड़ादेव जी की प्रतिमा स्थापना संग होगा नए सभागार का लोकार्पण
इस विशेष अवसर पर वन विभाग द्वारा नवनिर्मित गरिमापूर्ण सभाभवन का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही गौंड समाज के पूजनीय बड़ादेव जी के निराकार स्वरूप की भव्य प्रतिमा की स्थापना भी पूरे विधि-विधान से संपन्न होगी। मझौली विकासखंड के खुड़ावल ग्राम का सैन्य इतिहास बेहद प्रेरणादायी रहा है। यहाँ से देश की रक्षा करते हुए 3 जांबाज नौजवान वीरगति को प्राप्त हो चुके हैं। वर्तमान में भी अकेले इसी खुड़ावल गांव के 25 से ज्यादा वीर सपूत देश की सीमाओं पर विभिन्न संगठनों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यह पहला अवसर है जब इस क्षेत्र से एक साथ 11 युवाओं का चयन सेना में हुआ है।
