जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के रीवा से चर्लपल्ली (हैदराबाद) के लिए एक नियति सुपरफास्ट ट्रेन चलाने का ऐलान रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया है. ये ट्रेन रेल मंडल के सतना, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर होकर चलेगी.
इस सौगात पर सागर की सांसद डॉ लता वानखेड़े ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है. सांसद लता वानखेड़े सागर की नागपुर, हैदराबाद और पुणे जैसी शहरों से कनेक्टिविटी के लिए लंबे समय से सक्रिय थीं. इस ट्रेन की घोषणा के साथ अब सागर के लोगों को नागपुर और हैदराबाद पहुंचाना आसान होगा.
नागपुर और हैदराबाद से सीधी कनेक्टिविटी
सांसद डॉ लता वानखेड़े ने जानकारी देते हुए बताया, एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सागर संसदीय क्षेत्र के लिए हासिल हुई है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रीवा–सागर–नागपुर–हैदराबाद (चारलापल्ली) के बीच नई नियमित स्थायी ट्रेन सेवा (ट्रेन संख्या 20158/20157) को स्वीकृति प्रदान कर दी है. इस बहुप्रतीक्षित रेल सेवा के शुरू होने से सागर क्षेत्र की दक्षिण भारत से सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी. सांसद डॉ लता वानखेड़े ने बताया, लंबे समय से सागर को नागपुर एवं हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों से सीधे रेल मार्ग से जोडऩे की मांग की जा रही थी. अब रेल मंत्रालय द्वारा इस मांग को स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा प्राप्त होगी.
शिक्षा, रोजगार और इलाज में सहूलियत
सांसद लता वानखेड़े ने बताया, इस नई ट्रेन का सागर और बीना के अलावा कई प्रमुख स्टेशनों पर स्टापेज रहेगा. इससे सागर और आसपास के लोगों को शिक्षा, रोजगार, व्यापार, आईटी और बेहतर इलाज की सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी. सागर से बड़े पैमाने पर लोग नागपुर और हैदराबाद इलाज कराने जाते हैं. इसके अलावा आईटी सेक्टर में रोजगार करने वाले युवा भी बड़ी संख्या में हैदराबाद जाते हैं.
