कटनी. एमपी के कटनी जिले के स्लीमनाबाद में नेशनल हाईवे-30 सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे यात्रियों से भरा एक तूफान वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। भेड़ा टेक के पास शुक्रवार रात हुए इस हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित करीब 6 लोग घायल हो गए हैं।
कटनी जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, तूफान वाहन (एमपी35 बीए 0871) पन्ना जिले से एक परिवार और उनके रिश्तेदारों को लेकर सिहोरा के रास्ते कटनी में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे स्लीमनाबाद के भेड़ा टेक स्थित फोरलेन बायपास के पास चालक ने तेज रफ्तार वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी पलट गई।
राहगीरों और पुलिस ने मिलकर किया रेस्क्यू
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर स्लीमनाबाद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सूझबूझ के साथ वाहन से बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस और सरकारी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्लीमनाबाद पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। फिलहाल सभी की स्थिति नियंत्रण में है।
