जबलपुर/दमोह. एमपी के दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर एक कार और बस में सीधी टक्कर हो गई. जिससे कार में सवार 3 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, 2 लोग घायल हो गए हैं. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है.
दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर बस और कार में शुक्रवार की देर शाम जोरदार भिड़ंत हो गई. जिसमें कार में सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जबेरा में इलाज के लिए भर्ती किया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी घटनास्थल पहुंचे और घटना की जानकारी ली.
एक परिवार के 3 लोगों की मौत
मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने बताया, बस और कार की भिड़ंत में कार में सवार एक ही परिवार के अखिलेश प्रजापति, मुकेश प्रजापति और माया प्रजापति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि कार चालक रशीद खान निवासी शाहगढ़ और रीना प्रजापति घायल घायल हो गए. जिनका उपचार चल रहा है.
पूरी तरह चकनाचूर हुई कार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस जबलपुर से दमोह की तरफ आ रही थी, वहीं कार कटनी से शाहगढ़ की तरफ जा रही थी. जब दोनों वाहन जबेरा से कुछ ही किलोमीटर दूर पुरेनहाउ के पास पहुंचे, तो क्रॉसिंग के दौरान उनमें सीधी टक्कर हो गई. जिससे कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई. जबेरा स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सीबीएमओ डॉ डीके राय ने बताया कि घटना में 3 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. उनके शव बरामद कर लिए गए हैं. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है.
गाड़ी का दरवाजा तोड़ लोगों को निकाला बाहर
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें बैठी सभी सवारियां उसमें फंस कर रह गई. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह कार के दरवाजे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला. लेकिन तब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी थी.
