khabar abhi tak

गुटखा फैक्ट्री से चोरी 5 मोबाइल बरामद, जबलपुर से दो नाबालिग को पुलिस ने पकड़ा

कटनी. एमपी के कटनी जिला की कुठला थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जबलपुर से दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 75,000 रुपये कीमत के 5 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले का खुलासा कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता में किया।

थाना प्रभारी अखलेश दाहिया ने बताया कि सौरपुर, थाना पैहलानी, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) निवासी हिमांशु प्रजापति (21) ने शिकायत दर्ज कराई थी। हिमांशु कटनी के लमतरा स्थित एक गुटखा फैक्ट्री में कार्यरत है। 16 जून 2026 की रात को फैक्ट्री के कर्मचारी भोजन के बाद सो गए थे। सुबह लगभग 5 बजे हिमांशु की नींद खुली तो उसने देखा कि वहां रखे 5 मोबाइल फोन गायब थे। इनमें 2 ओप्पो, 2 रियलमी और 1 वीवो कंपनी के फोन शामिल थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 75,000 रुपये थी।

हिमांशु ने पाया कि उसके साथ काम करने वाले दो सहकर्मी मौके से गायब थे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला, जिससे हिमांशु को उन पर मोबाइल चोरी कर भागने का संदेह हुआ। पीडि़त की शिकायत पर कुठला थाना पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 498/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया। लोकेशन से पता चला कि आरोपी चोरी के मोबाइलों के साथ जबलपुर भाग गए थे। कुठला पुलिस ने तुरंत जबलपुर में घेराबंदी कर कुछ ही घंटों के भीतर दोनों संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में ले लिया।

माल बरामद, आरोपियों पर कार्रवाई

पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों नाबालिगों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए सभी 5 नग मोबाइल फोन (कीमत 75 हजार रुपये) सुरक्षित बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के नाबालिग होने के कारण पुलिस द्वारा उनके खिलाफ बाल न्यायालय के नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित और सफल कार्रवाई के लिए स्थानीय नागरिकों ने कुठला पुलिस टीम की सराहना की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak