बताया गया है कि तेंदूखेड़ा बस स्टेंड पर साप्ताहिक बाजार के दिन सुबह से देर रात तक भीड़ रहती है। यहां पर जबलपुर शहर से लेकर आसपास के व्यापारी घरेलू जरुरतों का सामान बेचने के लिए आते है। दोपहर में तेंदूखेड़ा में रहने वाले अतुल पिता वीरन अहिरवार ने उम्र 25 वर्ष ने अपना हाथ ठेला बाहर से आए फल विक्रेता को किराए पर दे दिया। रात दस बजे के लगभग अतुल अहिरवार अपने ठेला का किराया लेने के लिए फल विक्रेता के पास गया, जहां पर फल विक्रेता ने किराए के 50 रुपए अतुल को फेंककर दे दिए। अतुल ने इस बात पर आपत्ति जताई तो फल विक्रेता भड़क गया और दोनों के बीच गाली गलौज होने लगी। तभी फल विक्रेता ने चाकू निकाल अतुल अहिरवार के सीने पर ताबड़तोड़ हमले किए, जिससे अतुल सड़क पर गिर गया। हमला होते देख आसपास के दुकानदारों में चीख पुकार मच गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, इस बीच आरोपी फल विक्रेता मौके से भाग निकला। लोगों ने घायल अतुल को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद अतुल को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद हमलावर की तलाश शुरु कर दी। वहीं दूसरी ओर घटना से आक्रोशित लोगों ने जबलपुर-दमोह रोड पर धरना देकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। जिससे जबलपुर-दमोह रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए, दोनों ओर वाहनों की लम्बी लाइन लगी रही। वहीं पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए लोगों से चर्चा कर आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
Tags
jabalpur