जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल के चिकित्सा विभाग द्वारा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 29 जून को जबलपुर मंडल के विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को पोलियो रोधी दवा (पोलियो ड्रॉप्स) पिलाई गई। अभियान के तहत जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए।मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन में अभियान का शुभारंभ प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक (प्रभारी) डॉ. अशोक कुमार तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित के नेतृत्व में किया गया। अभियान का संचालन मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार चौहान एवं सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.एस. रम्य के द्वारा संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सहायक नर्सिंग अधिकारी सुश्री ललिता लाल, स्टेशन डायरेक्टर श्री किशोर कुमार दावरे, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी श्री मनोज गुप्ता, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक श्री आर.पी. गुप्ता तथा एक्सटेंशन एजुकेटर श्री देवेन्द्र दिवे सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
जबलपुर मंडल के अंतर्गत जबलपुर, मदन महल, सिहोरा, कटनी, सागर, दमोह, ब्यौहारी, नरसिंहपुर एवं पिपरिया सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर कुल 46 बूथों के माध्यम से अभियान का सफल संचालन किया गया।
चिकित्सा विभाग ने आमजन से अपील की है कि 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की घर-घर पहुंचने वाली टीमों के माध्यम से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे तथा पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

