डिंडौरी। डिंडौरी के शाहपुर थाना से रविवार की देर रात पुलिस अभिरक्षा से भागा युवक 36 घंटे बाद बेहोशी की हालत में जंगल में मिला है। परिजनों ने उसे डिंडोरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब उसके होश में आने का इंतजार कर रही है।
युवक के भाई मुकेश मरावी ने बताया कि रविवार रात से ही उसकी तलाश की जा रही थी। आज सुबह करीब दस बजे वह शाहपुर से आठ किलोमीटर दूर गोरखपुर बांध के ऊपर जंगल के किनारे बेशरम की झाडिय़ों के बीच बेहोश मिला। मुकेश के अनुसार, युवक ने बेशरम की पत्तियां खा ली थीं, जिसके बाद उसे उल्टी कराई गई। उसके पैर में सूजन भी है। जिला अस्पताल में भरती मरीज का शुगर लेवल और ब्लड प्रेशर कम है। उसे प्राथमिक इलाज दिया गया है और उम्मीद है कि थोड़ी देर में उसकी हालत सामान्य हो जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभिरक्षा से भागने के बाद से ही पुलिस की टीम डिंडौरी के आसपास के क्षेत्र से लेकर जबलपुर तक तलाश में जुटी रही। क्योंकि खबर मिली थी कि वह जबलपुर की ओर भागा है। जिसके चलते जबलपुर पुलिस को भी सूचना दी गई थी। अब अधिकारियों द्वारा युवक के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है, इसके बाद युवक बयान दर्ज किए जाएंगे। अधिकारियों का यह भी कहना है कि पुलिस स्टाफ द्वारा बरती गई लापरवाही के संबंध में प्रतिवेदन एसपी कार्यालय भेजा जाएगा।