होम साइंस कालेज की प्राचार्य कामिनी जैन पर आरोप है कि कॉलेज में खेल सामग्री की आपूर्ति से पहले ही संबंधित फर्म को लाखों रुपए का भुगतान कर दिया गया था। यह मामला तब उजागर हुआ जब विधायक सीताशरण शर्मा ने कॉलेज के निरीक्षण के दौरान खरीद प्रक्रिया पर सवाल उठाए। जांच की आशंका पर सामग्री कॉलेज पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक यह मामला प्रशासन के संज्ञान में आ चुका था। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर इस मामले की जांच कराई गई। जांच में कई अनियमितताएं पाई गईं और रिपोर्ट में प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन, स्टोर प्रभारी, वित्त शाखा प्रभारी, लेखापाल तथा खेल अधिकारी की भूमिका संदिग्ध बताई गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। कॉलेज परिसर में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। कर्मचारियों और विद्यार्थियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि सामग्री प्राप्त किए बिना भुगतान कैसे हुआ और किसके निर्देश पर सरकारी राशि जारी की गई। पुलिस जांच से यह स्पष्ट होगा कि इस कथित अनियमितता के पीछे कौन था और भुगतान प्रक्रिया में किन-किन की भूमिका रही।
तहसीलदार पहुंचीं थाने-
आज शहर तहसीलदार सरिता मालवीय जांच रिपोर्ट लेकर कोतवाली पहुंचीं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामला दर्ज होने के बाद संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जा सकती है।