जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित रतन नगर कॉलोनी में शनिवार देर रात हुई बमबाजी की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। शराब कारोबारी आशीष शिवहरे के घर को निशाना बनाकर नकाबपोश बदमाशों ने एक के बाद एक 5 देसी बम फेंके। धमाकों की आवाज से पूरी कॉलोनी दहल गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एक जिंदा देसी बम बरामद कर उसे निष्क्रिय किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में 19 वर्षीय आर्यन चौधरी और एक नाबालिग शामिल हैं। इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार अरमान अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी आर्यन चौधरी ग्रीन सिटी दीनदयाल क्षेत्र का निवासी है। पूछताछ में उसने और उसके साथी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अभी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हमले की असली वजह सामने आ पाएगी। पुलिस टीम अरमान को पकड़ने के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूरे मामले की जांच जारी है और क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस अन्य सबूत भी जुटा रही है।
शराब ठेकेदार के दफ्तर में बमबाजी करने वाले 2 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
byKhabarAbhiTak
-
0
