जबलपुर। देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से संचालित राष्ट्रव्यापी पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जबलपुर रेल मंडल द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। रेलवे के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र दीक्षित ने बताया कि आगामी 28, 29 एवं 30 जून 2026 को आयोजित विशेष पोलियो अभियान के दौरान जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी।
इस अभियान के तहत जबलपुर रेल मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों तथा चयनित ट्रेनों में विशेष व्यवस्था की गई है। रेलवे चिकित्सा विभाग, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के सदस्य संयुक्त रूप से स्टेशनों पर पोलियो बूथ संचालित करेंगे तथा यात्रा कर रहे बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का कार्य करेंगे।
मंडल के जबलपुर, मदन महल, श्रीधाम, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, कटनी, मैहर, सतना, रीवा, दमोह एवं सागर सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर विशेष पोलियो स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रशिक्षित टीमों की तैनाती रहेगी।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक पअधिकारी वरुण चतुर्वेदी ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन में अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। तैनात रेलवे कर्मी एवं स्वयंसेवक तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय जनस्वास्थ्य अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएंगे।
जबलपुर रेल मंडल सभी अभिभावकों से अपील करता है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं तथा देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग करें।
