आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा में दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, एक कार में बीएससी के 7 छात्र सवार थे, जबकि दूसरी कार में एक परिवार के सदस्य यात्रा कर रहे थे। मृतकों में एमपी का परिवार शामिल है, जो हरिद्वार से वापस लौट रहा था.
यह हादसा बुधवार सुबह आगरा-ग्वालियर हाईवे पर हुआ। सैंया थाना क्षेत्र में कुणाल कॉलेज के पास पहुंचते ही एक कार का टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूसरी कार पलट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को कारों से बाहर निकालकर इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा। मृतकों की पहचान धौलपुर जिले के ताशियो गांव निवासी रिंकू शर्मा (पुत्र राकेश शर्मा), मध्य प्रदेश के दतिया निवासी विवेक तिवारी (पुत्र हरिमोहन तिवारी) और मीना श्रीवास्तव (पत्नी अशोक श्रीवास्तव) के रूप में हुई है। हादसे में मृतकों की पहचान धौलपुर जिले के ताशियो गांव निवासी रिंकू शर्मा (35) पुत्र राकेश शर्मा, मध्य प्रदेश के दतिया निवासी विवेक तिवारी (30) पुत्र हरिमोहन तिवारी और मीना श्रीवास्तव (55) पत्नी अशोक श्रीवास्तव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, धौलपुर से अर्टिगा कार में सवार सात लोग बीएससी की परीक्षा देने आगरा आ रहे थे। कार में ताशियो निवासी रिंकू शर्मा, रजोरा खुर्द सैहपऊ निवासी अभिषेक पुत्र रघुराज, रोनारी निवासी जितेंद्र पुत्र राजवीर सिंह, रजोरा निवासी राहुल पुत्र वासुदेव, ताशियो-रजोरा निवासी मनमोहन पुत्र रघुराज सिंह और शाहिका सवार थे। वहीं, दूसरी नेक्सन कार में मध्य प्रदेश के दतिया निवासी विवेक तिवारी पुत्र हरिमोहन तिवारी, उर्मिला पत्नी हरिमोहन तिवारी, मीना श्रीवास्तव पत्नी अशोक श्रीवास्तव, राखी पत्नी मनोज वाजपेयी, मनी पुत्री मनोज वाजपेयी, राघव पुत्र विवेक, शिव पुत्र अनिल कुमार दुबे और सुमित पुत्र अशोक सवार थे।
टायर फटने से गाड़ी बेकाबू हो गई
घायल अभिषेक शर्मा ने बताया- हम लोग अर्टिगा कार से बीएससी की परीक्षा देने के लिए बुधवार सुबह घर से निकले थे। रिंकू शर्मा कार चला रहे थे। जैसे ही हम लोग कुणाल कॉलेज के पास पहुंचे, कार का दाहिनी ओर का टायर फट गया। इससे चालक रिंकू वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार की रफ्तार तेज होने से वह डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी दौरान सामने से आ रही नेक्सन कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अर्टिगा कार पलट गई। हादसे में चालक रिंकू शर्मा की मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
हरिद्वार से लौट रहा था दूसरा परिवार
पुलिस के अनुसार, नेक्सन कार में सवार मध्य प्रदेश के दतिया निवासी आठ लोग गंगा स्नान के लिए हरिद्वार गए थे। स्नान और दर्शन के बाद वे वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आगरा-ग्वालियर हाईवे पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। एक्सीडेंट में विवेक तिवारी और मीना श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
