जबलपुर। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा की अध्यक्षता में 11 जून को मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 194वीं बैठक संपन्न हुई।
इस अवसर पर अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आनंद कुमार ने अपने स्वागत उद्बोधन में समिति के अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा, एडीआरएम श्री दिनेश कुमार कलामे सहित सभी सदस्यों/प्रतिनिधियों का बैठक में हार्दिक स्वागत करते हुए बताया कि माननीय मंडल रेल प्रबंधक के कुशल नेतृत्व में जबलपुर मंडल पर रेल परिचालन के साथ-साथ भारत सरकार की राजभाषा नीतियों का प्रभावी कार्यान्वयन उत्तरोत्तर प्रगति पर है। उन्होंने मार्च 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान मंडल पर राजभाषा प्रयोग प्रसार के विशेष प्रयास के रूप में आयोजित समसामयिक विषयों पर हिंदी संगोष्ठियां और कार्यशालाएं आयोजित करने एवं महान हिंदी साहित्यकारों की जयंतियां मनाने का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अधिकाधिक कार्यालयीन कार्य हिंदी में निष्पादित करने का वातावरण निर्मित होता है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि सभी कर्मचारियों द्वारा हिंदी में अनिवार्य रूप से यूनिकोड समर्थित मंगल फोण्ट का ही उपयोग करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपस्थित शाखा अधिकारियों को यह निदेश दिया की फाइलों पर जो टिप्पणियां हिंदी में आती हैं उन पर अनिवार्य रूप से अपनी टिप्पणी अथवा आदेश हिंदी में ही दिए जाएं।
उन्होंने रेलवे बोर्ड तथा महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेल द्वारा समय-समय पर दिए गए निदेश को संदर्भित करते हुए कहा कि सभी शाखा अधिकारी अपने नियमित निरीक्षण के दौरान राजभाषा का भी निरीक्षण करें और अपने निरीक्षण रिपोर्ट में इस बात का उल्लेख भी करें साथ ही निरीक्षण रिपोर्ट की एक प्रति राजभाषा विभाग को अनिवार्य रूप से भिजवाएं।
इस बैठक में मंडल रेल प्रबंधक, श्री कमल कुमार तलरेजा ने निदेश दिया कि हमारा मंडल हिंदी भाषी क्षेत्र में स्थित है अतः अधिकाधिक कार्य हिंदी में ही निष्पादित किए जाएं। उन्होंने यह भी निदेश दिया कि शाखा अधिकारी अपने निरीक्षण के दौरान राजभाषा प्रगति संबंधी भी निरीक्षण करें और निरीक्षण रिपोर्ट में भी इसका उल्लेख करें।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए राजभाषा अधिकारी एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री गुन्नार सिंह ने उपस्थित सदस्यों से अपना अधिकाधिक कार्य हिंदी में निष्पादित करने का अनुरोध किया और अंत में उन्होंने समिति के अध्यक्ष सह मंडल रेल प्रबंधक के साथ-साथ सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार प्रदर्शित कर समिति के अध्यक्ष की अनुमति से बैठक समाप्त करने की घोषणा की। श्री स्वप्निल पाटिल, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (फ्रेट एवं ई.एन.एच.एम)/ जबलपुर उपस्थित थे
