khabar abhi tak

करौंदा बाईपास पर पुलिस की घेराबंदी: 15 किलो गांजा जब्त



जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के दिशा-निर्देशों के तहत थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करौंदा बाईपास के समीप घेराबंदी कर 4 आरोपियों को पकड़ा है। पकड़े गए तस्करों के पास से 15 किलो गांजा बरामद किया गया है। तस्करों की पहचान के दौरान यह भी सामने आया कि इसमें एक अपचारी बालक भी शामिल है। पुलिस की सघन वाहन चेकिंग और पेट्रोलिंग के दौरान दो स्कूटी पर सवार ये युवक संदिग्ध स्थिति में भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​सतना से जबलपुर के रास्ते सिवनी जा रही थी खेप

​पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस भारी मात्रा में गांजे को सतना से लेकर जबलपुर पहुंचे थे। उनका इरादा इस खेप को सिवनी जिले के केवलारी क्षेत्र के दो लोगों को सौंपने का था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह गांजा सप्लाई करने का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके पीछे मुख्य सरगना कौन है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इन आरोपियों से होने वाली पूछताछ में ड्रग्स तस्करी से जुड़े कई अन्य अहम नामों का खुलासा हो सकता है। यह कार्रवाई जबलपुर में नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। पुलिस अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों को चिन्हित करने के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak