रीवा. एमपी के रीवा जिले के लौर क्षेत्र से दो चचेरी बहनों ने एक साथ जहरीले पदार्थ के सेवन कर लिया। दोनों की हालत बिगडऩे पर परिजन उन्हें संजय गांधी अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार दोनों की उम्र 15-15 साल है। मेडिकल कॉलेज में मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) के रूप में दर्ज किया गया है। दोनों लौर क्षेत्र की निवासी हैं। बताया जा रहा है कि दोनों किशोरियों ने एक साथ किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
आईसीयू में भर्ती, हालत गंभीर
फिलहाल दोनों किशोरियों का इलाज जारी है, गंभीर हालत में दोनों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में दोनों ने यह कदम उठाया। हालांकि अभी दोनों बोलने की स्थिति में नहीं हैं इसलिए परिजनों और पुलिस को कारण का पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार जांच के बाद ही पूरे मामले की असली वजह सामने आ सकेगी।
