जबलपुर. जिले के पाटन थानान्तर्गत हिरण नदी में तीन दोस्तों के साथ हिरण नदी में नहाने गया 11 वर्षीय बालक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना बुधवार 10 जून की दोपहर की है।
बताया जाता है कि प्रिंस रैकवार अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। उसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। घटना के समय नदी किनारे कुछ लोग मौजूद थे। बच्चों और महिलाओं की चीख-पुकार सुनते ही आसपास के लोग नदी में कूद गए। काफी प्रयास के बाद प्रिंस को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की जानकारी लगते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए पाटन स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। शाम को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार, प्रिंस के माता-पिता का काफी पहले निधन हो चुका था। वह ग्राम मादा में अपने नाना और मामा के साथ रहता था। मासूम की मौत से गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रिंस अपने दो दोस्तों के साथ गांव से बाहर हिरण नदी में नहाने गया था। दोस्तों की मां भी उनके साथ थी। नदी पर पहुंचने के बाद महिलाएं कपड़े धोने लगीं, जबकि बच्चे नहाने लगे। इसी दौरान प्रिंस गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी खोजबीन के बाद उसका शव बाहर निकाला गया।
