जबलपुर. पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीएस) विशेष सश बल (एसएएफ) 6वीं वाहिनी में शुक्रवार 12 जून को 101वें बुनियादी प्रशिक्षण बैच की पासिंग आउट परेड का शानदार आयोजन किया गया। परेड में मध्यप्रदेश की विभिन्न 21 बटालियनों से आए 221 नव प्रशिक्षित आरक्षकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रशिक्षण पूर्ण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जोन) जबलपुर प्रमोद वर्मा ने परेड की सलामी ली एवं निरीक्षण किया। इस दौरान नव आरक्षकों ने आकर्षक परेड प्रदर्शन कर कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की शपथ ली। मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी आरक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि प्रमोद वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रशिक्षण संस्थान पुलिस विभाग को दक्ष और अनुशासित जवान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने नव आरक्षकों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें।
1942 में हुई थी 6वीं वाहिनी की स्थापना
कमांडेंट सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि 6वीं वाहिनी की स्थापना वर्ष 1942 में हुई थी और वर्तमान में यह पुलिस प्रशिक्षण के महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। अब तक इस प्रशिक्षण संस्था से 100 बैच पास आउट हो चुके हैं और 101वें बैच के 221 आरक्षक सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण किया है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने नव प्रशिक्षित आरक्षकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और समर्पण के साथ पालन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमोद वर्मा भा.पु.से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर, अतुल सिंह भापुते, उप पुलिस महानिरीक्षक जोन जबलपुर, कमाण्डेंट सिद्धार्थ चौधरी भा.पु.से., डिप्टी कमाण्डेंट पी आशुतोष मिश्रा, डिप्टी कमाण्डेंट लामू सिंह श्याम व बटालियन पीटीएस के अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी व प्रशिक्षु आरक्षकों के परिजनों के साथ-साथ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे.

