कोटा/जबलपुर. वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन (डब्ल्यूसीआरईयू) केन्द्रीय कार्यकारिणी समिति व विशेष साधारण सभा (सीईसी) शुक्रवार 1 मई को कोटा में आयोजित की गई। उमरावमल पुरोहित सभागार कोटा जं में देर रात तक चली इस मीटिंग में मुकेश गालव को वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन जबलपुर जोन का महामंत्री चुना गया। ज्ञातव्य है मुकेश गालव वर्तमान में ऑल इंडिया स्तर पर एआईआरएफ के सहायक महामंत्री भी है। वहीं जबलपुर मंडल के नवीन लिटोरिया को जोनल कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई.
प्रेस सचिव राजेश गौतम ने बताया कि सीईसी की इस बैठक में जबलपुर,भोपाल व कोटा मण्डल के सैकड़ो रेल कर्मचारियो व कार्यकारिणी सदस्यो ने भाग लिया, जिसमें अमेण्डमेंट पश्चात जबलपुर हेडक्वार्टर पर रिक्त पदों को भरने का प्रस्ताव जोन के सहायक महामंत्री मनीष भगत ने रखा, जिसका समर्थन रोमेश मिश्रा ने किया। उसके पश्चात इस प्रस्ताव को पारित करने हेतु एआईआरएफ के कार्यकारी अध्यक्ष कामरेड जे आर भौंसले ने सभा के पटल पर रखा, जिसे खचाखच भरे सभागार में करतल ध्वनि के साथ हाथ ऊंचे कर ध्वनिमत से पास कर दिया गया।
इस कार्यवाही के पश्चात् कार्यकारी अध्यक्ष जे आर भौंसले ने कोटा मण्डल के मुकेश गालव को महामंत्री, ईरशाद खान को कोषाध्यक्ष, जबलपुर के नवीन लिटोरिया, भोपाल के टी के गौतम को जबलपुर जोन की कार्यकारिणी में निर्विरोध चुने जाने की घोषणा की। मुकेश गालव के महामंत्री चुने जाने पर लोगो ने अपनी प्रशन्नता व्यक्त करते हुये उन्हे फूल मालाओं से लाद दिया तथा उनका जोरदार स्वागत व अभिनन्दन किया।
इस अवसर पर उपस्थित एआईआरएफ के महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा ने भी मुकेश गालव का गर्मजोशी से अभिनंदन किया तथा एआईआरएफ मे बतौर उनके सहायक महामंत्री पद पर कार्य करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी रेलवे बोर्ड, जोन व मण्डल में रेल प्रशासन के साथ कार्य करने की क्षमता व कार्यशैली की प्रशंसा की।
