मैहर। मैहर के शारदा मंदिर वाली पहाड़ी पर तेंदुआ दिखने के बाद क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। आज दोपहर मंदिर जाने वाली सड़क पर जब श्रद्धालुओं ने इन नन्हें शावकों को घूमते देखा, तो उन्होंने फौरन अपने मोबाइल से इनका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर काफी पोस्ट हो रहा है।
अधिकारियों ने पहाड़ी पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी और सर्चिंग अभियान चलाया। विभाग का कहना है कि यह जंगली इलाका है, इसलिए यहां वन्यजीवों की मौजूदगी कोई नई बात नहीं है। मैहर के डीएफओ विद्या भूषण मिश्रा ने इस मामले पर बताया कि मंदिर वाली पहाड़ी पर एक पुराना तालाब है। जंगल के जानवर, खासकर तेंदुए अक्सर वहां पानी पीने के लिए आते रहते हैं। उन्होंने साफ किया कि यह एक सामान्य बात है, इसलिए लोगों को बहुत ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है। भले ही वन विभाग इसे सामान्य बता रहा है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से लोगों को सावधान रहने को कहा गया है। विभाग ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे सुनसान रास्तों पर अकेले न जाएं। साथ ही, अगर कोई जंगली जानवर नजर आए तो उसके पास जाने या उसे परेशान करने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें। फिलहाल वन विभाग की टीम इलाके पर पैनी नजर रखे हुए है।