जबलपुर। यात्रियों एवं रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने हेतु जबलपुर रेल मंडल के भिटोनी स्टेशन पर 06 मई बुधवार को एक व्यापक अग्निशमन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या पीएलबीजी के एक टैंकर वैगन (सीआर 61723) में भिटोनी स्टेशन के साइडिंग लूप लाइन में आग लगने की काल्पनिक सूचना 16:56 बजे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्टेशन स्टाफ एवं संबंधित विभाग तत्काल सक्रिय हो गए। आग पर नियंत्रण हेतु त्वरित कार्रवाई करते हुए 17:20 बजे आग बुझा दी गई तथा 17:25 बजे प्रभावित वैगन को सुरक्षित रूप से अलग (डिटैच) कर लिया गया। इसके पश्चात 17:45 बजे इस पूरे घटनाक्रम को मॉक ड्रिल घोषित किया गया।
इस मॉक ड्रिल में रेलवे के विभिन्न विभागों के साथ-साथ स्थानीय गैस प्लांट एवं नगर निगम भिटोनी का भी सक्रिय सहयोग रहा। आग बुझाने हेतु फायर ब्रिगेड को तुरंत मौके पर भेजा गया, जहां उच्च दबाव से पानी का छिड़काव कर आग पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान भिटोनी थाना प्रभारी अपने दलबल के साथ मौके पर उपस्थित रहे। साथ ही आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संभाला। स्टेशन स्टाफ द्वारा अग्निशमन यंत्रों के साथ तत्परता से कार्य किया गया। इस दौरान मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारियों ने नियंत्रण कक्ष में पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की निगरानी की तथा समन्वय स्थापित किया।
रेलवे प्रशासन द्वारा इस प्रकार की मॉक ड्रिल समय-समय पर आयोजित की जाती है, जिससे आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। आज आयोजित इस मॉक ड्रिल में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्कृष्ट समन्वय एवं तत्परता का परिचय देते हुए इसे सफलतापूर्वक संपन्न किया।

