जबलपुर। बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। कंपनी नेनर्मदापुरम जिले में सेमरी हरचंद स्थित 132 केवी सबस्टेशन में तीसरा पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे सफलतापूर्वक चालू कर दिया है। इस नए ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से क्षेत्र की पारेषण प्रणाली पहले के मुकाबले अधिक सुदृढ़ हो गई है।
बिजली आपूर्ति में होगा सुधार
सेमरी हरचंद सबस्टेशन में इस नए विस्तार का सीधा लाभ मड़ई वाइल्डलाइफ अभयारण्य जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल को मिलेगा। इसके साथ ही इस केंद्र से जुड़े दर्जनों गांवों के ग्रामीण और कृषि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। विभाग का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को मानक वोल्टेज पर निरंतर और विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराना है, जिससे खेती-किसानी और घरेलू कार्यों में बाधा न आए।
जिले की कुल क्षमता में बढ़ोतरी
अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश शांडिल्य के अनुसार इस नए पावर ट्रांसफार्मर के जुड़ने से सेमरी हरचंद सबस्टेशन की कुल क्षमता अब 100 एमवीए तक पहुंच गई है। इस विस्तार के परिणाम स्वरूप पूरे नर्मदापुरम जिले की कुल स्थापित ट्रांसफार्मेशन क्षमता में भी इजाफा हुआ है, जो अब बढ़कर 2015 एमवीए हो गई है। यह क्षमता वृद्धि भविष्य में बढ़ने वाली बिजली की मांग को पूरा करने में सहायक सिद्ध होगी।
