पुलिस के अनुसार पौड़ी सिहोरा निवासी ललित उर्फ गुलशन चक्रवर्ती अपने दोस्त आशीष चक्रवर्ती व अजय राय के साथ देर रात मोटर साइकल से अपने घर जाने के लिए सिहोरा से निकले, जब वे बरनू तिराहा से आगे बढ़ रहे थे, इस दौरान सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के चक्कर में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए। हादसा इतना भीषण था कि मोटर साइकल के परखच्चे उड़ गए, वहीं गुलशन के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। आशीष व अजय राय खून से लथपथ सड़क पर पड़े छटपटाते रहे, राह चलते लोगों ने देखा तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सिहोरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर के मेडिकल कालेज रेफर किया गया। हादसे के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटर साइकल को हटवाया, इसके बाद यातायात शुरु हो सका।