जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित मदनमहल स्टेशन रोड के समीप रहने वाले बान परिवार को मारने की नियत से बदमाशों ने पेट्रोल डालकर घर को आग के हवाले कर दिया। घर में लगी आग कमरों तक पहुंच गई, जिसकी चपेट में आकर एक युवक शिवांश बुरी तरह झुलस गया। वहीं गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रुद्राक्ष बान उम्र 20 वर्ष निजी इंजीनियर कालेज में पढ़ाई कर रहा है। संयुक्त रुप से पूरा परिवार रहता है, जिसमें रुद्राक्ष के अलावा भाई शिवांश, मां मनोरमा बान, बड़ी मां मालती बान व उनकी पुत्री कोयल, पुत्र आयुष व बुआ लता बान रहती है। उसके पिता व बड़े पिताजी का पूर्व में देहांत हो गया है। बीती देर रात 3.30 बजे के लगभग बदमाशों ने सीमेंट शीट व काली पन्नी की छत पर बदमाशों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग ने कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, वहीं आग की लपटेें देख शिवांश व रुद्राक्ष व मनोरमा उठ गए, वे सम्हल पाते इससे पहले प्लास्टिक की पन्नी जलते हुए शिवांश पर गिर गई, जिससे उसके पेट, दोनों हाथ, सीना, पीठ व सिर जल गया, वहीं आग देख परिवार के अन्य सदस्य शोर मचाते हुए घर के बाहर आ गए, देखते ही देखते आग ने घर को अपनी चपेट में लिया, जिससे गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। परिजनों ने तत्काल ही शिवांश को राइट टाउन स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने हालत को देखते हुए भरती कर लिया है।
घर में मेहमान आकर रुके थे-
मौके पर पहुंची पुलिसको पूछताछ में बताया कि घर में कुछ अन्य मेहमान सोमतला ठाकुर, भाभी प्रीती ठाकुर, बड़ी बुआ निर्मला सोन एवं दूर की रिश्तेदार हेमा पुरिया आये हुए थे। आगजनी की घटना से वे भी घबरा गए थे। पुलिस ने अज्ञात के विरूद्ध अपराध क्रमांक 184/2026 धारा 109(1), 125, 326(ह), 324(4) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।