khabar abhi tak

फॉलोअप:पुलिस और भाजपा पार्षद के बीच विवाद, एसपी ने एएसआई को किया लाइन हाजिर

प्रदर्शन के दौरान की तस्वीर

जबलपुर
। गोहलपुर क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और भाजपा पार्षद के बीच तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि भाजपा कार्यकर्ता गोहलपुर थाने पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई रंजीत सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। इस घटना के बाद से इलाके में गहमागहमी का माहौल बना रहा।

​बिना हेलमेट की चेकिंग पर हुआ था विवाद

​पूरी घटना की शुरुआत गोहलपुर इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान हुई। भाजपा पार्षद बाबा श्रीवास्तव का भतीजा बिना हेलमेट के वाहन चला रहा था जिसे पुलिस ने रोक लिया। उसी समय पार्षद बाबा श्रीवास्तव अपनी बेटी को कोचिंग से लेने के लिए अधारताल से रानीताल जा रहे थे। रास्ते में भतीजे को पुलिस के साथ देखकर वे रुक गए। उन्होंने पुलिस से पूछा तो उन्हें बताया गया कि चालान कटने के बाद ही वाहन छोड़ा जाएगा।

​आत्महत्या की चेतावनी से मचा हड़कंप

​पार्षद बाबा श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि कार्यवाही में समय लग रहा है, इसलिए उनके भतीजे को बेटी को लाने के लिए जाने दिया जाए और वे स्वयं चालानी कार्रवाई के लिए रुके रहेंगे। उनका आरोप है कि एएसआई रंजीत सिंह ने भतीजे को जाने नहीं दिया और उनकी बेटी के बारे में अपशब्द कहे। इसके बाद मामला बिगड़ गया और दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आत्महत्या कर लेंगे।

​गोहलपुर थाने में जोरदार प्रदर्शन

​घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में भाजपा के एमआईसी मेंबर, पार्षद और कार्यकर्ता गोहलपुर थाने पहुंच गए। सभी लोग एएसआई को निलंबित करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। मामले के तूल पकड़ने से पहले ही एएसआई रंजीत सिंह को लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak