जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली महाराजपुर शराब दुकान पर रविवार दोपहर एक बड़ी घटना सामने आई है। शराब देने की बात पर हुए विवाद के दौरान कुछ बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नर्मदा नगर ग्वारीघाट निवासी विजय यादव जिसकी उम्र 20 वर्ष है, महाराजपुर शराब दुकान पर काम करता है। रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे विजय दुकान पर अपने साथी लवकेश ठाकुर, निक्की ठाकुर, अंकित चक्रवर्ती, आशीष त्रिवेदी और संदीप शुक्ला के साथ मौजूद था। उस समय दुकान पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान निक्की शर्मा, राजा ठाकुर और उनका एक साथी वहां पहुंचे और जल्दी शराब देने की मांग करने लगे। विजय ने भीड़ का हवाला देते हुए पहले से खड़े ग्राहकों को पहले शराब देने की बात कही। यह बात सुनते ही तीनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे।
चाकू से जानलेवा हमला,हालत गम्भीर
मामला बढ़ता देख विजय दुकान के बाहर आया और आरोपियों को अपशब्द कहने से रोका। इससे नाराज होकर आरोपियों ने विजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से चाकू निकाल लिया और विजय पर वार कर दिया। विजय ने बचाव का प्रयास किया लेकिन चाकू उसके कंधे के पीछे लग गया और वह घायल हो गया। पीड़ित का कहना है कि यदि वह नहीं झुकता तो चाकू सीधे उसके सीने में लग सकता था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी यह धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए कि यदि पुलिस में शिकायत की तो जान से खत्म कर देंगे। घायल युवक की शिकायत के आधार पर अधारताल पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 109, 351(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी सतर्क है।
