khabar abhi tak

जबलपुर: रेलवे स्टेशन में चैकिंग से हड़कंप, किचन में ताला लगाकर भाग गए लोग,टीम ने सैम्पल कलेक्ट किये

 


सुरक्षा विभाग और आरपीएफ का संयुक्त अभियान,शिकायतों पर की गई कार्रवाई

जबलपुर। ​रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में निम्न गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचे जाने की शिकायतों के बाद रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग और रेलवे सुरक्षा बल ने एक बड़ा संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई से अवैध रूप से किचन संचालित करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग अपने किचन में ताला लगाकर मौके से भाग खड़े हुए। इस दौरान टीम ने मौके से भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की और कुछ जगहों से नमूने भी लिए गए हैं।

​अन्ना मोहल्ला में अवैध किचन पर दबिश

​जांच के क्रम में टीम सीधे अन्ना मोहल्ला पहुंची, जहाँ रेलवे स्टेशनों के लिए ज्यादातर खाद्य सामग्री बनाने वाली रसोई संचालित होती हैं। रेलवे सुरक्षा बल के उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह, आरक्षक प्रवीण उपाध्याय और आरक्षक पंकज सिंह की टीम ने रेलवे स्टेशन और आउटर क्षेत्र में बिना उचित अनुमति के अनअप्रूव्ड पानी की बोतल और कोल्ड ड्रिंक्स बेचते हुए 3 वेंडरों को पकड़ा। वेंडरों से पूछताछ के बाद टीम खाद्य सुरक्षा विभाग की निरीक्षक माधुरी मिश्रा के साथ अन्ना मोहल्ला पहुंची। वहाँ अवैध खाद्य सामग्री बेचने वाले 2 लोगों के यहाँ छापेमारी की गई। अमित सिंह के कब्जे से 5 पेटी अनअप्रूव्ड पानी की बोतल और 3 पेटी कोल्ड ड्रिंक्स बरामद की गईं।

​अनअप्रूव्ड सामग्री जब्त, सैंपल लिए गए

​छापेमारी के दौरान एक अन्य व्यक्ति के पास से रेलवे द्वारा वैध मानी जाने वाली खाद्य सामग्री मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग ने उसकी गुणवत्ता जांचने के लिए वहां से सैंपल लिए हैं। पकड़े गए सभी वेंडरों के विरुद्ध रेल अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है। इस संयुक्त अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में भी इस प्रकार की औचक कार्रवाई जारी रहेगी ताकि रेलवे परिसर में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak