जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। स्टेशन रोड निवासी रुद्राक्ष बान ने पुलिस को बताया कि रात 3:30 बजे के करीब अज्ञात बदमाशों ने फ्लाईओवर के ऊपर से उनके घर की छत पर पेट्रोल बम फेंका। बम गिरने से छत पर लगी प्लास्टिक शीट और पन्नी में भीषण आग लग गई। इस दौरान घर के लोग सो रहे थे।
हमले के बाद मची चीख-पुकार
जलती हुई पन्नी और शीट नीचे सो रहे शिवांक बान के ऊपर गिर गई। इससे शिवांक के पेट, सिर और शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और शिवांक को तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां शिवांक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। रुद्राक्ष बान उम्र 20 वर्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
