जबलपुर। देहात क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब सप्लाई करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। पुलिस की नजरें बचाकर अवैध शराब ढोने वाले किसी न किसी तरह निकल जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पाटन पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें पुलिस ने नुनसर के कंतोरा चौक से लेकर रिंग रोड तक शराब सप्लायर का पीछा किया और अंततः धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन सौ से अधिक पाव देशी शराब जब्त कीं।
पाटन पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कंतोरा तिराहे पर बैरीकेड लगाए थे। थोड़ी देर में मोटरसाइकिल में सप्लायर आता दिखा। बैरीकेड देखकर वह पाटन रिंग रोड की तरफ भागने लगा। पुलिस ने सप्लायर को भागता देखकर स्टाफ उसके पीछे लगा दिया। पुलिस दल ने रिंग रोड के पास ही आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम उत्तम सिंह भदौरिया उर्फ परषोत्तम सिंह भदौरिया निवासी ग्राम अहरोरा थाना शहपुरा वर्तमान पता सुमन नगर कालोनी रिछाई रांझी बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 318 पाव देशी शराब और मोटरसाइकिल जब्त की।
