बालाघाट। बालाघाट में आज सुबह एक युवती का शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में बंटा मिला। घटना भटेरा और बैहर रोड रेलवे ट्रैक के बीच हुई, जहां ट्रेन से कटकर युवती की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार रेलवे ट्रैक 1044 के खम्बा नंबर 19 और 20 के बीच शव पाया गया। पुलिस घटनास्थल पर घटना के लगभग एक घंटे बाद पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना अभी मिली है। युवती का धड़ के नीचे का हिस्सा ट्रैक के बीच मिला, जबकि सिर और धड़ का ऊपरी हिस्सा पटरी के किनारे पड़ा था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6.30 बजे कटंगी से गोंदिया के बीच चलने वाली कटंगी-गोंदिया ट्रेन से यह हादसा हुआ। ट्रेन चालक ने इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी थी। फिलहाल, पुलिस ने शव को ट्रैक से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। कोतवाली पुलिस युवती की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी थानों से संपर्क कर रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। युवती की शिनाख्त होना अभी बाकी है।