रांझी के सरकारी स्कूल में चोरी, पुलिस खंगाल रही सुराग
जबलपुर। रांझी थाना इलाके के बिलपुरा बगिया (नई बस्ती) स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर हड़कंप मचा दिया। शातिर चोर स्कूल के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और कमरों में रखी अलमारियों को निशाना बनाया। चोरों ने न केवल बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी गणित की किट और किताबें पार कीं, बल्कि मध्याह्न भोजन व अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ा घरेलू सामान भी समेट ले गए। स्कूल प्रबंधन की लिखित शिकायत पर रांझी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
वीकेंड पर सूने स्कूल को बनाया निशाना
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक जालम सिंह (61 वर्ष) शुक्रवार को रोजाना की तरह शैक्षणिक कार्य निपटाकर स्कूल परिसर में ताला बंद करके घर लौटे थे। शनिवार शाम को जब स्कूल की सहायिका मीराबाई चौधरी किसी काम से वहां पहुंची, तो नजारा देखकर दंग रह गई। स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार और चैनल गेट के ताले टूटे हुए थे।
नौ अलमारियां खंगालीं, घरेलू व पढ़ाई का सामान पार
सहायिका जब परिसर के भीतर पहुंची तो कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने एक-एक कर करीब 9 अलमारियों के ताले चटकाए थे। खंगाली गई अलमारियों से चोर दो गैस चूल्हे, दो स्टील की टंकी, 9 प्लास्टिक की कुर्सियां, विद्यार्थियों की गणित किट और कई जरूरी किताबें चोरी कर ले गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद देर रात मामला दर्ज कर आस-पास के संदिग्धों से पूछताछ शुरू की गई है।
