khabar abhi tak

रेलवे पुलिस ने यात्रियों को दिए सुरक्षा के टिप्स, मोबाइल में डाउनलोड कराया हेल्प एप



जबलपुर। मदनमहल रेलवे स्टेशन परिसर में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने यात्रियों को जीआरपी एमपी हेल्प एप के संबंध में विस्तार से जानकारियां दीं। पुलिस अधिकारियों ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को मोबाइल के प्ले स्टोर से इस एप को डाउनलोड करवाया और उसे ऑपरेट करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। जीआरपी ने यात्रियों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति, संदिग्ध गतिविधि या रेल यात्रा के दौरान होने वाली किसी भी प्रकार की परेशानी की सूचना इस एप के माध्यम से तुरंत पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है। इस दौरान अकेले सफर करने वाली महिला यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के संबंध में विशेष समझाइश दी गई और ट्रेन में यात्रा के दौरान बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

​आपातकालीन स्थितियों से कैसे निपटें

रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। जीआरपी टीम ने यात्रियों को बताया कि वे किसी भी समय मदद के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही बच्चों से संबंधित समस्याओं और उनकी मदद के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर अपराध या ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1093 और महिलाओं की सुरक्षा व सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 के बारे में विस्तार से बताया गया। किसी भी अन्य पुलिस सहायता के लिए आपातकालीन पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 की उपयोगिता के बारे में भी यात्रियों को जागरूक किया गया। जीआरपी का मुख्य उद्देश्य रेल सफर के दौरान यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को पूरी तरह सुरक्षित माहौल प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी डर के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak