khabar abhi tak

नगर निगम : ई-अटेंडेंस की खामी लील रही कर्मचारियों की पगार


जबलपुर।
नगर निगम में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ई-अटेंडेंस व्यवस्था में बार-बार तकनीकी खामियां आने के कारण कई कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित रहकर पूरा कार्य करने के बावजूद पोर्टल में अनुपस्थित दर्ज हो जाते हैं। इसके परिणामस्वरूप उनके वेतन से कटौती कर दी जाती है, जबकि गलती कर्मचारियों की नहीं होती। अप्रैल की पेमेंट शनिवार को दी गई है, लेकिन बड़ी संख्या में आउट सोर्स कर्मियों की तनख्वाह अनुपस्थित बताकर काट ली गई है।

इसके अतिरिक्त कर्मचारियों से शनिवार, रविवार तथा अन्य अवकाश के दिनों में भी कार्य कराया जाता है। लेकिन इसके बदले कोई अतिरिक्त भुगतान ओवरटाइम या प्रतिपूरक अवकाश नहीं दिया जाता। कई बार अवकाश के दिन काम करने के बाद भी उपस्थिति दर्ज नहीं होती और वेतन कटौती का सामना करना पड़ता है।

आउटसोर्स कर्मचारियों की एक बड़ी समस्या वेतन भुगतान में अत्यधिक देरी भी है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें हर माह समय पर वेतन नहीं मिलता, बल्कि वेतन का भुगतान अक्सर 15 से 20 दिन या उससे भी अधिक देर से किया जाता है। समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा दैनिक आवश्यकताओं और ऋण-किस्तों का भुगतान प्रभावित होता है।

कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी त्रुटियों, वेतन कटौती और भुगतान में देरी का बोझ उन पर डाला जा रहा है। कर्मचारियों ने मांग की है कि ई-अटेंडेंस की तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। गलत अनुपस्थिति को तुरंत सुधारा जाए। काटा गया वेतन वापस किया जाए। अवकाश के दिनों में कराए गए कार्य का नियमानुसार भुगतान किया जाए तथा सभी कर्मचारियों को हर माह समय पर वेतन उपलब्ध कराया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak