khabar abhi tak

जबलपुर-इटारसी के बीच तीसरी लाइन की डीपीआर तैयार, रेलमंत्री ने सांसद को दी जानकारी

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर से इटारसी रेल खंड पर तीसरी रेल लाइन बिछाने की तैयारियां तेज हो गई है. इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर लिया गया है. अब विभिन्न स्तरों पर इसकी परीक्षण प्रक्रिया जारी है. परीक्षण पूरा होने के बाद काम शुरू होगा. तीसरी लाइन बनने से जबलपुर-इटारसी के बीच ट्रेनों का आवागमन तेज हो जाएगा. इसका असर ये होगा कि वंदे भारत, मेल-एक्सप्रेस जैसी सभी ट्रेनों की रफ्तार तेज हो जाएगी. क्रॉसिंग के लिए हॉल्ट की समस्या भी खत्म होगी.

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी जानकारी

जबलपुर-इटारसी रेल सेक्शन के बीच तीसरी लाइन की योजना के बारे में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी को जानकारी दी. सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का इसके लिए आभार जताते हुए कहा यह परियोजना लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है. तीसरी लाइन बनने से ट्रेनों की आवाजाही सुचारू होगी. समयबद्धता में सुधार आएगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी. नर्मदापुरम, नरसिंहपुर समेत आसपास के जिलों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.

ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी

तीसरा ट्रैक बिछने से इस बिजी रूट पर ट्रेनें बिना किसी व्यवधान के द्रुत गति से निकलेंगी. अभी इस रेल लाइन पर ट्रैफिक का जबर्दस्त दबाव बना हुआ है. इस कारण क्रॉसिंग कर सुपरफास्ट ट्रेनों को पहले निकाला जाता है. अब एक और ट्रैक बनने से ये समस्या खत्म हो जाएगी. जाहिर है इससे यात्रियों के समय की बचत होगी और मालगाडिय़ों का परिचालन भी बिना किसी बाधा के संभव हो सकेगा. तीसरा ट्रैक बनने से जबलपुर और इटारसी के बीच आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी.

इटारसी से मानिकपुर तक प्लानिंग में शामिल

इसके अलावा रेलवे ने पश्चिम मध्य रेलवे के मानिकपुर से जबलपुर के बीच भी तीसरी लाइन बिछाने की योजना तैयार की है, जिसके तहत फिलहाल अभी सर्वे का काम जारी है। यह कार्य भी शीघ्र पूरा हो जायेगा, जिसके पश्चात मानिकपुर-जबलपुर के बीच की डीपीआर तैयार कर अंतिम प्रस्ताव के लिए रेलवे बोर्ड भेजा जायेगा. आने वाले समय में इटारसी से जबलपुर व जबलपुर से कटनी-सतना होकर मानिकपुर तक तीसरी लाइन बिछाया जायेगा. वहीं मानिकपुर से प्रयागराज के बीच तीसरी लाइन बिछाने का काम इन दिनों तेजी से जारी है.


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak