सतना। सतना के प्रसिद्ध गैविनाथ मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर रविवार को जलाभिषेक के दौरान एक वृद्ध श्रद्धालु की मौत हो गई। भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी थीं।
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मंदिर प्रबंधन ने विशेष जलधारी की व्यवस्था की थी, ताकि अधिक से अधिक लोग सुगमता से शिवलिंग का अभिषेक कर सकें। रविवार होने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक थी। इस दौरान पटना कला निवासी लगभग 70 वर्षीय जयनिवास गर्ग दर्शन और अभिषेक के लिए मंदिर परिसर में मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे अचानक अचेत होकर गिर पड़े। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन के सदस्यों ने तत्काल उन्हें संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद जयनिवास गर्ग को मृत घोषित कर दिया। वृद्ध श्रद्धालु की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रारंभिक आशंका है कि अत्यधिक भीड़, उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं या अचानक तबीयत बिगडऩे के कारण यह घटना हुई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा चिकित्सकीय जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।