बताया गया है कि ट्रक चालक रमन नायक उम्र 40 वर्ष कर्नाटक पपीता लोड कर दिल्ली जाने के लिए निकला, आज दोपहर एक बजे के लगभग रमन जब बंजारी घाट से उतर रहा था, इस दौरान अपना संतुलन खो बैठा और ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटने से चालक के शरीर पर गंभीर चोटें आई, वह ट्रक में ही फंसा रहा, वहीं ट्रक में लोड सारा पपीता सड़क पर बिखर गया, राह चलते अन्य वाहन चालकों ने देखा तो पुलिस को खबर दी। इस बीच आसपास गांव के लोग एकत्र हो गए। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मार्ग को जल्द ही सुचारु कर दिया गया।गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित बंजारी घाटी क्षेत्र को दुर्घटना संभावित माना जाता है, क्योंकि यहां तीखे मोड़ और ढलान हैं। यहां पर पहले भी कई भारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट चुके है, जिसमें वाहन चालकों व परिचालकों की मौत हो गई, जिसके चलते घाटी पर संकेतक भी लगाए गए है ताकि दुर्घटनाएं होने से बच सके, इसके बाद भी आए दिन यहां पर दुर्घटनाएं होती है।