जबलपुर। जबलपुर नगर निगम में कार्यरत सफाई ठेका श्रमिकों और विभिन्न विभागों के आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ हो रहे आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न के विरोध में आज शहर की सड़कों पर बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने इस गंभीर मुद्दे पर विशाल मशाल जुलूस निकालने का निर्णय लिया है। यह विरोध प्रदर्शन मंगलवार शाम 6 बजे मालवीय चौक से शुरू होकर नगर निगम कार्यालय तक जाएगा। इस आयोजन में विभिन्न राजनैतिक पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में पीड़ित कर्मचारी शामिल होकर नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
वेतन विसंगति और पीएफ कटौती को लेकर आर पार की लड़ाई
सफाई कर्मचारी पिछले 18 महीनों से अपने बकाया वेतन की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। प्रशासन और महापौर को बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। वर्तमान में इन श्रमिकों को कलेक्टर दर के बजाय मात्र 220 रुपये दिहाड़ी दी जा रही है। एक बड़ी गड़बड़ी यह भी सामने आई है कि नगर निगम ठेकेदार को 30 दिन का भुगतान कर रहा है लेकिन श्रमिकों को केवल 26 दिन की मजदूरी मिल रही है। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों के भविष्य निधि और ईएसआईसी की राशि भी जमा नहीं की जा रही है। विनय सक्सेना ने शहर के नागरिकों से इस लड़ाई में शामिल होने की अपील की है ताकि ठेकेदारों और अधिकारियों की सांठगांठ को खत्म किया जा सके।
