जबलपुर। रेलवे द्वारा रेल परिचालन में उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों को बनाए रखने और संरक्षा के प्रति असाधारण जागरूकता दिखाने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में अप्रैल 2026 माह के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे में ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर संभावित दुर्घटनाओं को टालने वाले 5 रेलकर्मियों को पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह द्वारा उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ये कर्मचारी हुए सम्मानित-पुरस्कृत
पुरस्कृत कर्मचारियों में लोको पायलट (गुड्स)/एनकेजे/जबलपुर मंडल श्री कमलेश कुमार मौर्य, स्टेशन मास्टर (गोंदवाली)/एनकेजे/जबलपुर मंडल श्री रंजन कुमार, सीनियर ट्रेन मैनेजर (गुड्स) इटारसी/भोपाल मण्डल श्री हिमांशु अग्रवाल, ट्रैकमैन-1 (महिदपुर रोड)/ कोटा मण्डल श्री श्याम कुमार मांझी एवं ट्रैकमैन-2 (महिदपुर रोड)/ कोटा मण्डल श्री दुपेन्द्र सिंह शामिल हैं।
इन रेल हादसों को रोकने में रही अहम भूमिका
पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में तैनात इन रेलकर्मियों ने विभिन्न रेल खंडों पर गश्त और ड्यूटी के दौरान हॉट एक्सल, गैस रिसाव और रेल फ्रैक्चर जैसी गंभीर तकनीकी खामियों को समय रहते पहचान लिया। इनके द्वारा त्वरित गति से की गई सुरक्षात्मक कार्रवाइयों, जैसे लाल संकेत दिखाकर गाडिय़ों को रुकवाना, अधिकारियों को तत्काल सूचित करना और आवश्यक संरक्षा उपाय सुनिश्चित करना, के कारण रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में बड़ी सफलता मिली है।
महाप्रबंधक ने की प्रशंसा, कहा- संरक्षा ही प्राथमिकता
महाप्रबंधक श्री सिंह ने इन सभी पुरस्कृत कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और उनके द्वारा प्रदर्शित की गई सजगता की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेलवे में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे सजग एवं समर्पित कर्मचारी पूरे ज़ोन के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह पुरस्कार अन्य रेलकर्मियों को भी अपनी ड्यूटी के दौरान सुरक्षा के प्रति और अधिक सचेत और जागरूक रहने के लिए प्रेरित करेगा। पश्चिम मध्य रेल सुरक्षित एवं विश्वसनीय रेल संचालन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
