जबलपुर। जिले के उर्दुवा गांव में बिजली सुधार कार्य के दौरान एक उपभोक्ता द्वारा विद्युत कर्मचारी के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ ने लामबंद होकर आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।
लाइन मेंटेनेंस के दौरान हुआ विवाद
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर ओएंडएम सर्किल अंतर्गत यह घटना उस समय हुई जब विद्युत कर्मी संदीप दीपांकर उर्दुवा गांव में 33 केवी लाइन का मेंटेनेंस कार्य कर रहे थे। कार्य की अधिकता और सुरक्षा के लिहाज से बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। इसी दौरान गांव के निवासी धर्मेंद्र पटेल वहां पहुंचे और बिजली बंद होने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने संदीप दीपांकर के साथ मारपीट कर दी।
सबस्टेशन पहुंचकर ऑपरेटर से अभद्रता
घटना स्थल पर विवाद करने के बाद भी आरोपी शांत नहीं हुआ। वह सीधे विद्युत सबस्टेशन जा पहुंचा और वहां तैनात ड्यूटी ऑपरेटर के साथ भी दुर्व्यवहार किया। शासकीय कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों को डराने-धमकाने की इस घटना से विभाग के फील्ड स्टाफ में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले की सूचना मिलते ही विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
आरोपी की गिरफ्तारी की उठी मांग
मप्रविमं तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने इस कृत्य की घोर निंदा की है। संघ के पदाधिकारी राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, शशि उपाध्याय, मदन पटेल, विनोद दास और जानकी प्रसाद त्रिपाठी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शासकीय कर्मचारी पर हमला करने वाले धर्मेंद्र पटेल को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी कार्य का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
