सिवनी. जिले के दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के घंसौर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक की जबलपुर पैसेंजर ट्रेन से उतरने के प्रयास में मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
मृतक युवक की पहचान लामता निवासी चेतू मनेश्वर (19) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक किसी काम से ट्रेन में यात्रा कर रहा था। दोपहर के समय जब ट्रेन घंसौर रेलवे स्टेशन पहुंची, तो उसने ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही नीचे उतरने का प्रयास किया। ट्रेन की गति धीमी थी, लेकिन वह पूरी तरह रुकी नहीं थी।
इसी दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म नम्बर 2 के बीच गिर गया और ट्रेन के पहियों की चपेट में आ गया। इस भयावह हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल है।
