जबलपुर. एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में रामपुर स्थित पाण्डुताल मैदान में आयोजित ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर इन दिनों नगर के नवोदित क्रिकेट का आकर्षण का केन्द्र बन गया है। नवोदित क्रिकेट खिलाडिय़ों के उत्साह व उपस्थिति के कारण यह शिविर नगर का सबसे विशाल क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर बन गया है। शिविर की खास बात यह है कि इसमें प्रशिक्षणार्थियों को केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद की ओर से बैट, गेंद, ग्लब्स, पैड सहित अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराये गये हैं।
केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव फिरोज कुमार मेश्राम ने मैदान में पहुंच कर क्रिकेट शिविर के प्रशिक्षणार्थियों का उत्साह बढ़ाया। पदाधिकारियों ने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि शिविर में नगर के नवोदित क्रिकेट खिलाड़ी उत्साह से भाग ले रहे हैं और अनुशासन व समर्पण भावना के साथ मेहनत कर रहे हैं।
क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में 8 से 16 वर्ष तक आयु के 130 नवोदित खिलाड़ी भाग ले रहे हैं जिसमें बारह लड़कियां भी हैं। इन खिलाडिय़ों को दो आयु वर्ग में विभक्त कर गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 8 से 12 वर्ष आयु तक के प्रशिक्षणार्थियों को पूर्व स्टेट लेबल अंपायर हेमंत पोतदार, पीके सेन व अमित यादव और 12 से 16 वर्ष तक आयु वर्ग के खिलाडिय़ों को अनिल शर्मा, कुशलपाल सिंह, इकबाल खान, तरूण विजयकर व विनोद राजपूत प्रशिक्षण दे रहे हैं। पाण्डुताल मैदान में प्रशिक्षण के लिए चार सीमेंट विकेट में नेट्स लगायी गई हैं। शिविर में प्रतिदिन शारीरिक प्रशिक्षण के अलावा बल्लेबाजी में ग्रिप, स्टांस, बैक लिफ्ट, डिफेंस व ड्राइव की बारीकियां समझायी जा रही हैं। गेंदबाजी में प्रशिक्षणार्थियों को एक्शन, रन-अप, स्विंग व स्पिन गेंदबाजी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। क्षेत्ररक्षण में प्रशिक्षणार्थियों को कैचिंग व ग्राउंड फील्डिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर के दौरान नवोदित खिलाडिय़ों को क्रिकेट के नियमों की जानकारी समय-समय पर दी जा रही है। प्रशिक्षण शिविर का संचालन 31 मई तक होगा।
