जबलपुर। जिले के तिलवाराघाट थाना क्षेत्र में आने वाले दाद्दाजी घाट पर रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। दोस्तों के साथ नर्मदा नदी में नहाने गया 18 वर्षीय युवक पानी के तेज बहाव में बह गया था। सोमवार की सुबह रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तेज बहाव में डूब गया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार भानतलैया टेढ़ी नीम क्षेत्र के निवासी 18 वर्षीय लकी अंसारी रविवार की शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ दाद्दाजी घाट घूमने गया था। वहां सभी दोस्त नर्मदा नदी में नहाने लगे। नहाते समय अचानक लकी का पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। पानी के तेज बहाव के बीच उसे बहता देख साथियों ने शोर मचाया और वहां मौजूद लोगों को बुलाया। घटना की सूचना तुरंत तिलवाराघाट थाना पुलिस को दी गई।
सोमवार सुबह बरामद हुआ शव
हादसे की जानकारी मिलने पर तिलवाराघाट पुलिस के साथ होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। गोताखोरों की मदद से रविवार देर रात तक नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तेज बहाव और रात के अंधेरे के कारण लकी का पता नहीं चल सका। सोमवार की सुबह फिर से रेस्क्यू टीम ने तलाश शुरू की और घटनास्थल से कुछ दूरी पर लकी का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और उसके दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
