सागर। सागर के शाहपुर क्षेत्र में आज सुबह बरेठा बाबा की घाटी के पास सड़क किनारे युवक का शव मिलने पर हंगामा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसी दौरान गुस्साई भीड़ ने शाहपुर स्थित शराब दुकान में तोडफ़ोड़ कर आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने स्थिति संभाली। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया है कि शाहपुर निवासी नीरज प्रजापति उम्र 38 वर्ष बीती रात अपने साथी सूरज अहिरवार के साथ गढ़ाकोटा लाइट का सामान लेने जा रहा था। आरोप है कि देर रात रास्ते में बोलेरो से आए 10 से 12 लोगों ने दोनों को रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने नीरज को बेहोश होने तक पीटा, जबकि सूरज किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। आज सुबह नीरज का शव बरेठा बाबा की घाटी के पास सड़क किनारे मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शराब दुकान के कर्मचारियों पर हत्या का आरोप लगाया। गुस्साए लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसी बीच भीड़ ने शाहपुर स्थित शराब दुकान में तोडफ़ोड़ कर आग लगा दी। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।घायल ने कहा बेहोश होने तक पीटा-
घायल सूरज अहिरवार ने बताया कि देर रात गढ़ाकोटा रोड पर बोलेरो में आए लोगों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों के साथ जमकर मारपीट की गई। सूरज के मुताबिक हमलावरों ने नीरज को बेहोश होने तक पीटा। उसने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों में अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश समेत अन्य लोग शामिल थे।
पत्नी बोली, लाइट का सामान लेने निकले थे-
मृतक की पत्नी वंदना प्रजापति ने बताया कि नीरज घर से लाइट का सामान लेने निकले थे और मोबाइल घर पर ही छोड़ गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला। सुबह पुलिस से सूचना मिली कि नीरज बेहोशी की हालत में मिले हैं। परिजन मौके पर पहुंचे तो नीरज अर्धनग्न अवस्था में पड़े थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।